फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अमेरिका से गिफ्ट भेजने और टेलीग्राम टास्क में निवेश का झांसा देकर दो महिलाओं से 21 लाख 28 हजार रुपये की ठगी की है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस संबंध में खाताधारक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी महिला की 15 अक्तूबर को इंस्टाग्राम पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। युवक ने अमेरिका से गिफ्ट भेजने की बात कही। अगले दिन एक व्यक्ति ने मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बनकर फोन किया और गिफ्ट छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग शुल्क मांगे। महिला ने कई बार में 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में रिंकू, अभिषेक और पवन को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि रिंकू के खाते में ठगी के 90 हजार रुपये आए थे।
दूसरे मामले में सेक्टर-65 निवासी महिला को अमेजन के उत्पाद कार्ट में जोड़कर स्क्रीनशॉट भेजने के बदले कमाई का झांसा दिया गया। बाद में प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश कराया गया। इस तरह महिला से 3,28,948 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर निवासी खाताधारक तुषार को गिरफ्तार किया है। उसके खाते में भी 90 हजार रुपये आए थे। तुषार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। संवाद