मोदी सर की क्लास में शामिल हुआ फरीदाबाद का वंश
फरीदाबाद। मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-14 की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला वंश अग्रवाल मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्लास में शामिल हुआ। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा 2.0 के लिए देश भर से चार बच्चे चुने गए थे। इनमें फरीदाबाद से वंश अग्रवाल भी शामिल था। पीएम सर की क्लास में वंश अग्रवाल ने उनसे अपने लक्ष्य निर्धारण को लेकर सवाल पूछा। वंश की इस उपलब्धि से उसके परिजन काफी गदगद हैं।
सेक्टर-14 निवासी वंश अग्रवाल के पिता आशुतोष अग्रवाल ऑटोमोबाइल स्पेयरपार्ट कारोबारी हैं, जबकि मां पूजा अग्रवाल गृहणी हैं। आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए सरकार ने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री से पूछने के लिए सवाल आमंत्रित किए थे। गत 9 जनवरी को वंश ने फार्म भरकर अपना सवाल भेजा था। इसके कुछ दिन बाद ही उन्हें सूचना मिली कि वंश का सवाल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पूछे जाने के लिए चयनित हो गया है। उसके बाद कई चरणों की स्क्रीनिंग के बाद मंगलवार को दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा 2.0 कार्यक्रम में वह शामिल हुआ।
वंश ने पूछा यह सवाल
कार्यक्रम के दौरान वंश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि हमें अपने लक्ष्य को कैसे निर्धारित करना चाहिए? लक्ष्य को निर्धारित करने में लीक पर चलना चाहिए या बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
वंश के सवाल का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लक्ष्य ऐसा होना चाहिए जो पहुंच में तो रहे लेकिन पकड़ में न रहे। ऐसा होगा तो लक्ष्य को पकड़ने के लिए हमें प्रेरणा मिलती रहेगी, लेकिन ऐसा भी न हो कि हम कुछ नहीं करने के बजाय सिर्फ बड़े-बड़े लक्ष्य तय कर लें जो पूरे न हो पाएं। हमें अपने लक्ष्य को बारीकी से जानना चाहिए। खुद के संदर्भ में जानना चाहिए। हमें सोचना चाहिए कि पहले जो लक्ष्य तय किया था वो पूरा कर पाया या नहीं। उसके बाद नया लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। हमारा लक्ष्य साफ होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने देखा होगा कि जब कोई व्यक्ति पहाड़ पर चढ़ता है तो पहले छोटी छोटी पहाड़ियों पर चढ़ता है और उसके बाद बड़े पहाड़ पर चढ़ता है। ऐसा करके बड़े लक्ष्य पर पहुंचने में कोई हादसा या परेशानी नहीं होती।