जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज जमा कराए, मामला दर्ज
फरीदाबाद। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज लगाने के आरोप में सेंट्रल थाना पुलिस ने अलग-अलग लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज किए हैं। तीनों ही मामलों में पलवल निवासी राजेंद्र गौतम नाम का व्यक्ति नामजद है।
पुलिस इस मामले की जांच कचहरी परिसर में सक्रिय फर्जी जमानती गिरोह के कोण से कर रही है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के रीडर रतीराम ने सेंट्रल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पलवल निवासी राजेंद्र गौतम सहित अलग-अलग तीन मामलों में फरीदाबाद निवासी मुजाहिद, एसी नगर निवासी मुस्तकिन, धर्मेंद्र शाह, अनीता, नीरा देवी और चमक लाल ने तीन लोगों की जमानत के लिए अदालत में फर्जी दस्तावेज जमा करवाए। फर्जी जमानत के लिए तीनों मामले में आरोपियों की अलग-अलग भूमिका है। थाने से मामले के जांच अधिकारी एएसआई गजराज का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इससे पहले भी एक विदेशी की फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमानत दी गई थी। ऐसे में पुलिस कचहरी में सक्रिय फर्जी जमानती गिरोह के कोण से मामले की जांच कर रही है।