इराकी बॉक्सर को मिला नया जीवन
फरीदाबाद। बॉक्सिंग मुकाबले में तीन साल पहले कंधा उतरने से बेकार मान लिए गए इराक के राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर आमिर के कॅरियर को सेक्टर 16 स्थित क्यूआरजी हेल्थ सिटी की स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ टीम ने नया जीवन दिया है। टीम ने सर्जरी कर बिलकुल बाहर निकल चुके उनके कंधे को न सिर्फ सही जगह फिट किया बल्कि ईराक में हुई गलत सर्जरियों की वजह से आई चोटों को भी दुरुस्त किया। आमिर अब कुछ माह की ट्रेनिंग के बाद फिर से बॉक्सिंग रिंग में लौट सकेंगे।
आमिर का इलाज कर रहे अस्पताल के स्पोर्ट्स इंजरी विभाग के डॉ. राकेश ने बताया कि तीन साल पहले रिंग में फाइट लड़ने के दौरान मरीज का बांया हाथ कंधे से उतर गया था। ईराक में दूरबीन विधि से उनके कई ऑपरेशन हुए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इलाज के लिए बॉक्सर का कंधा तीस बार उतारा गया था इससे कंधे में बहुत ज्यादा डैमेज हुआ था। क्लिनिकल जांच के बाद रोगी को ऑपरेशन करवाने की सलाह दी, जिस पर उन्होंने अपनी सहमति जताई। डॉ. राकेश ने बताया कि क्योंकि कीहोल विधि से आमिर की कई सर्जरी हो चुकी थीं इसलिए ओपन सर्जरी की गई, नौ माह के बाद आमिर बॉक्सिंग रिंग में उतर कर विरोधी पर भरपूर पंच जड़ सकेंगे। ब्यूरो