एक बार फिर खतरनाक स्तर के
नजदीक पहुंच प्रदूषण का स्तर
फरीदाबाद। बेहद खराब वायु गुणवत्ता से जूझ रही औद्योगिक नगरी में प्रदूषण का स्तर शुक्रवार को एक बार फिर खतरनाक स्तर के नजदीक पहुंच गया। गुरुपर्व के मौके पर हुई आतिशबाजी भी इसका एक कारण रही। शुक्रवार शाम को प्रदूषक पर्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 की मात्रा वायुमंडल में 370 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गई।
औद्योगिक नगरी की वायु गुणवत्ता बीते एक सप्ताह से बेहद खराब स्तर पर बनी हुई है। बृहस्पतिवार को इसमें थोड़ा सुधार हुआ था। मगर शुक्रवार को गुरुपर्व के मौके पर की गई आतिशबाजी के कारण पीएम-2.5 का स्तर एक बार फिर बढ़कर 370 तक पहुंच गया। प्रदूषक नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड की मात्रा भी अन्य दिनों के मुकाबले सामान्य स्तर के आसपास ही रही। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मानक के अनुसार औद्योगिक नगरी की वायु गुणवत्ता में सुधार तो हुआ है लेकिन अभी भी यह बेहद खराब की श्रेणी में ही है। इसका अर्थ है कि यदि स्वस्थ मनुष्य ऐसे वातावरण में ज्यादा देर तक रहे तो उसे सांस लेने में परेशानी हो सकती है। हृदय और सांस के रोगियों के लिए यह वातावरण खतरनाक है। ऐसे रोगी घर से बाहर नहीं निकलें, यदि बहुत जरूरी हो तो मुंह पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क लगा कर निकलें। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि आतिशबाजी के कारण एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। यदि एक-दो दिन में बरसात हो जाती है तो हवा के साफ होने की उम्मीद है। बरसात नहीं हुई तो प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।