- बाइक से पिता के साथ ढाबा खोलने के लिए जा रहा था किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव सुनपेड़ में सोमवार सुबह ट्राला की चपेट में आने से 17 साल के किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने पिता के साथ बाइक से ढाबा खोलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान साहूपुरा की ओर से आ रहे ट्राला ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता को भी चोटें आई हैं। चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
गांव सुनपेड़ निवासी करतार ने बताया कि साहूपुरा सुनपेड़ रोड पर ढाबा चलाते हैं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे बजे वह अपने छोटे बेटे धीरज के साथ बाइक से घर से निकले थे। तभी ट्राला ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने की वजह से धीरज ट्राला के अगले हिस्से में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उन्होंने बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। मृतक धीरज दसवीं कक्षा का छात्र था। गांव के लोगों ने बताया कि कुछ साल करतार के बड़े बेटे की सांप के काटने से मृत्यु हुई थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।