व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर 2 महीने तक ऑनलाइन ट्रेनिंग देकर दिया वारदात को अंजाम
साइबर क्राइम थाना एनआईटी में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर एसजीएम नगर एरिया के रहने वाले दीपक से 17 लाख 18 हजार रुपये ठग लिए गए। फेसबुक लिंक के जरिये इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर 2 महीने तक ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई। फिर निवेश कराना शुरू किया लेकिन रिफंड नहीं किया। 15 प्रतिशत मुनाफा दिलाने की गारंटी भी आरोपियों ने दी थी। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में दीपक ने बताया कि उन्होंने अपनी मां व जीजा से 15 लाख रुपये उधार लेकर निवेश किए थे। इनका कहना है कि फेसबुक पर आए लिंक के जरिये एसएमसी ग्लोबल सिक्योरिटी कंपनी की कर्मचारी युवती से बात हुई थी। उसने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश के लिए लगभग 2 महीने तक ट्रेनिंग दी। इसमें बताया गया कि कैसे उनके कहे अनुसार ट्रेड आने पर निवेश करना है। अक्टूबर महीने के दौरान इन्होंने रुपये निवेश किए थे। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए इन्हें 20 हजार रुपये रिफंड भी दिए। जिसके बाद निवेश कराते रहे लेकिन रिफंड नहीं करने दिया गया।
दीपक के अनुसार आरोपियों ने मुनाफे की गारंटी के दावे इतने पुरजोर तरीके से किए कि उनकी बातों में फंस गए। अपने जीजा से 8 लाख और मां से 7 लाख रुपये उधार लिए। ये रुपये भी निवेश किए। आरोपियों ने कहा कि आपके निवेश पर काफी मुनाफा हुआ है। पर जब रिफंड के लिए कहा तो आरोपी बहाने से और रुपये मांगने लगे। बाद में संपर्क भी बंद कर दिया तो ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एनआईटी थाने की टीम अब आरोपियों के मोबाइल नंबर व अन्य डिटेल के आधार पर जांच कर रही है।