फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतिम समय में सुरक्षा जांच की औपचारिकताएं पूरी

Fri, 16 Nov 2018 07:03 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ को दिल्ली से जोड़ने वाले मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को हरी झंडी देने से पहले आयुक्त मेट्रो रेल सुरक्षा ने शुक्रवार को अंतिम निरीक्षण किया। राजा नाहर सिंह स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का काम अधूरा होने और संत सूरदास स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज में प्रकाश व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। रेलवे ट्रैक, ओएचई, बिजली आपूर्ति, स्टेशन परिसर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा आदि की जांच की।
विज्ञापन


आयुक्त मेट्रो रेल सुरक्षा एसके पाठक ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपनी टीम के साथ एस्कॉट्स मुजेसर स्टेशन से राजा नाहर सिंह स्टेशन तक बनाए गए नए ट्रैक का निरीक्षण किया। ट्रॉली पर बैठकर उन्होंने मेट्रो ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। ट्रैक और ओवरहेड लाइन के बीच की ऊंचाई नापी गई। सिग्नलिंग व्यवस्था और ट्रैक में ट्रेन की गति को जांचने वाले सेंसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी टीम के सदस्य एक-एक जांच और गणना नोट करते रहे। ट्रैक का निरीक्षण करने के बाद मेट्रो सुरक्षा आयुक्त 12:10 बजे संत सूरदास (सिहि) स्टेशन पहुंचे। कंट्रोल रूम में मौजूद प्रभारी हरेंद्र कुमार से ट्रेन संचालन, सिग्नल व्यवस्था की जानकारी ली।

मेट्रो रेल की सुरक्षा व्यवस्था परखी
सुरक्षा आयुक्त एसके पाठक ने एजीएम सिक्योरिटी से पूछा कि डीएमआरसी के वर्तमान में कुल कितने स्टेशन कार्यरत हैं और उनकी सुरक्षा कैसे जांची जाती है। एजीएम सिक्योरिटी पीके पाठक ने बताया कि वर्तमान में 225 मेट्रो स्टेशन कार्यरत हैं। उनकी पांच टीमें इन स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखती हैं। सुरक्षा आयुक्त के यह पूछने पर कि रिपोर्ट पर क्या कार्रवाई हुई इसका रिकॉर्ड रखा जाता है या नहीं, एजीएम इसका संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। सुरक्षा आयुक्त ने उनसे एक साल का जांच और उस पर हुई कार्रवाई का रिकॉर्ड देने का आदेश दिया।
विज्ञापन


फुट ओवर ब्रिज का काम पूरा न होने पर जताई नाराजगी
राजा नाहर सिंह स्टेशन बल्लभगढ़ में फुटओवर ब्रिज का काम अधूरा मिला। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर माह तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, इस पर सुरक्षा आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताई। कहा कि जब काम पूरा ही नहीं था तो निरीक्षण नहीं कराना चाहिए था। कंट्रोल रूम प्रभारी से मेट्रो रैक के ट्रैक बदलवाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। संत सूरदास मेट्रो स्टेशन के एफओबी में भी प्रकाश व्यवस्था नहीं हुई थी, अधिकारियों ने इसे 20 नवंबर तक रोशन करने का वादा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें