बदरपुर टोल दरों में कटौती, कार चालकों को खास फायदा नहीं
कार चालकों को पहले की तरह एक तरफ के 25 रुपये देने होंगे
आने और जाने का टोल अदा करने पर एक रुपये की छूट मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-बदरपुर स्काई-वे (बदरपुर फ्लाईओवर) पर टोल दरों में कटौती की गई है, मगर कार चालकों को इसका कोई खास फायदा नहीं मिलेगा। एक तरफ के लिए उन्हें पहले की तरह 25 रुपये ही टोल अदा करना पड़ेगा, जबकि आने और जाने का टोल अदा करने पर उन्हें एक रुपये की छूट मिलेगी। हालांकि टोल प्रबंधन का दावा है कि कार का मासिक पास 16 रुपये सस्ता पड़ेगा। नई दरें 31 अगस्त आधी रात से लागू हो चुकी हैं। इसके लिए टोल प्लाजा पर जगह-जगह नई टैक्स दरों के नोटिस लगा दिए गए हैं।
दिल्ली-बदरपुर फ्लाईओवर पर हर साल 1 सितंबर से टोल दरों में बढ़ोतरी की जाती है। इस साल राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल दरों में बढ़ोतरी करने की बजाय उसमें कटौती की है। टोल से यदि कार चालक केवल एक बार टोल से गुजरेगा, उससे पहले की तरह 25 रुपये ही वसूले जाएंगे। यदि कार चालक आने व जाने की पर्ची कटाएगा, तो उससे 38 की बजाय 37 रुपये लिए जाएंगे। हल्के वाहनों का आना-जाना 57 की बजाय 56 रुपये कर दिया है, जबकि ट्रक चालकों को तीन रुपये की राहत दी गई है। यहां से आने-जाने वाले ट्रक चालकों को अब 115 रुपये की बजाय 112 रुपये ही देने होंगे। नई दरें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जारी की हैं।
टोल प्लाजा पर हर बार 1 सितंबर से टोल रेट बदलते हैं। पिछले साल एक से अधिक बार सफर करने वाले वाहन चालकों पर 1 रुपये टोल बढ़ाया गया था। इस बार उसे फिर कम कर दिया गया है। उधर, वाहन चालकों का कहना है कि एक रुपये की कटौती ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। इसके बदले टोल प्रबंधन यहां व्यवस्था सुधारने का प्रयास करता तो बेहतर होता। अक्सर लोगों को यहां लंबे जाम में फंसना पड़ता है और उस दौरान पेट्रोल-डीजल की काफी बर्बादी होती है।
नए टोल रेट
वाहन एक बार आना-जाना मासिक पास
कार, जीप वैन 25 37 748
लाइट कमर्शियल वाहन 37 56 1122
बस, ट्रक, एमएवी, एचसीएम 75 112 2245