‘कभी चोटी कभी गोरक्षा के नाम पर भटका रही सरकार’
फरीदाबाद।
पिछले तीन साल में प्रदेश का युवा बेरोजगार हुआ है, विकास के नाम पर आज तक एक भी काम नहीं हुआ। नाकामियों को छिपाने के लिए सरकार कभी चोटी तो कभी गोरक्षा के नाम पर लोगों को भटका रही है। महिलाओं की चोटी काटने की घटनाओं के पीछे आरएसएस और भाजपा का हाथ है। ठीक से जांच की जाए तो इन हरकतों के पीछे पंजाब में भाजपा और हरियाणा में आरएसएस का हाथ मिलेगा। यह आरोप कांग्रेस नेता, पलवल विधायक करण दलाल ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में लगाए।
सेक्टर 16 ए स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू हुए करण दलाल ने कहा कि विकास और शांति के मुद्दों पर बुरी तरह विफल रही भाजपा सरकार ने अपनी नाकामियां छिपाने के लिए सिर्फ नारे गढ़े हैं। इनमें एक नारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ है। उन्होंने आंकड़े रखते हुए बताया कि पिछले तीन साल मेें सिर्फ फरीदाबाद और पलवल से 770 लड़कियां अगवा की गईं। कहा कि सरकार मिशन मुस्कान चला कर अपनी पीठ थपथपा रही है लेकिन इन दो जिलों से खोई हुई बेटियों की उसे कोई परवाह नहीं है। दलाल ने आरोप लगाया है कि कुछ संगठित गिरोह इन जिलों में बच्चों खासकर लड़कियों के अपहरण का धंधा चला रहे हैं। किशोरियों और बच्चों से अवैध धंधे करवाने या मानव अंगों के लिए उनकी हत्या करने वाले यह गिरोह पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से सक्रिय हैं।
उन्होंने सरकार से पूछा कि पिछले तीन साल में अपहृत हुई इन बच्चियों में से कितनों को पुलिस ने बरामद किया और कितनों पर कार्रवाई की। सरकार को इस पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। यदि सरकार इसका जवाब सदन में नहीं देगी तो अदालत में पीआईएल डाली जाएगी। इस मौके पर उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद थे।