सचखंड एक्सप्रेस दो घंटे लेट, घंटों तक इंतजार करते रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पिछले कुछ दिन की तरह सोमवार को भी जिले के ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन और न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं। इस कारण स्टेशन पर समय से पहुंचे यात्रियों को घंटों तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
इनमें सबसे ज्यादा लेट सचखंड एक्सप्रेस रहीस जो लगभग दो घंटे देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेन पहुंचने का निर्धारित समय 1.30 मिनट था पर ट्रेन 3.30 बजे के बाद फरीदाबाद पहुंची। इसके अलावा शकूर बस्ती से पलवल और पलवल से शकूर बस्ती जाने वाली कई लोकल ट्रेनें आधा और एक घंटा देरी से स्टेशन पहुंचीं।
लोकल ट्रेनों में पलवल, निजामुद्दीन और दिल्ली आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों से ट्रेनें लगातार देरी से पहुंच रही हैं। पिछले दो दिन तो दो-तीन घंटे देरी से पहुंची थी।
नयन नाम के एक यात्री ने बताया कि बस से ट्रैफिक मिलेगा और देरी से पहुंचेंगे, यह सोचकर ट्रेन में सफर करते हैं, पर यहां तो स्टेशन पर ही आकर घंटों बैठना पड़ जाता है। इसके अलावा ट्रेन की भीड़ में भी जद्दोजहद झेलनी पड़ती है।