ऑनलाइन ऑर्डर पर खरीदें एनसीईआरटी की किताबें
फरीदाबाद। आप एनसीईआरटी की किसी भी कक्षा की पुस्तकें न सिर्फ ऑनलाइन पढ़ सकेंगे बल्कि फ्री होम डिलीवरी के साथ घर पर मंगवा भी सकेंगे। घर बैठे किताबें मंगवाने के लिए आपको सिर्फ एनसीईआरटी के बेव पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। हालांकि एक बार ऑर्डर करने पर किताब आपको लेनी ही होगी, क्योंकि इसमें पैसे वापस करने का विकल्प नहीं है।
लॉग इन करने के बाद लॉग इन और रजिस्टर बार के नीचे ही क्लिक फॉर पोस्टल ऑर्डर का विकल्प आएगा। पोस्टल ऑर्डर पर क्लिक करने के बाद नो रिफंड पॉ़लिसी पर एक्सेप्ट का विकल्प स्वीकार करने के बाद दो तरह के विकल्प आपको दिखाई देंगे। पहला विकल्प किताब टेक्स्ट बुक और दूसरा विकल्प जनरल बुक्स का होगा। भाषा चुनाव में हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू का विकल्प वेबसाइट पर उपलब्ध है। हर किताब के नाम के साथ ही उसकी कीमत भी सामने लिखी होगी। किताबों की संख्या के लिहाज से कीमत का भुगतान करना होगा। अगस्त 2017 में यह वेब पोर्टल शुरू किया गया था। हालांकि, अब ऑनलाइन किताबें मंगवाने का विकल्प पहली बार ही दिया जा रहा है।
ये हैं लाभ:
- एनसीईआरटी के सभी 895 पंजीकृत विक्रेताओं की पुस्तकें विद्यार्थियों को मिलेगी
- बाजार में एनसीईआरटी किताबों के स्टॉक न होने के बहाने निजी पब्लिकेशन की किताबों की बिक्री पर रोक लगेगी
- किसी भी एनसीईआरटी किताब का उचित मूल्य पता किया जा सकता है।
- घर बैठे फ्री होम डिलीवरी का लाभ उठाया जा सकता है।
- देश के किसी भी कोने से ऑर्डर और डिलीवरी संभव है।
- सीबीएसई के 3000 स्कूलों के बच्चे उठा रहे हैं ऑनलाइन खरीद का लाभ