राज्य और राष्ट्रीय स्तर में जीत चुकी हैं कई पदक
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। शहर की रहने वाली 15 वर्षीय मायरा सिक्का ने स्केटिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने पिछले दो वर्षों में राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 14 पदक अपने नाम किए। मायरा ने हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय स्कूल खेलों और सीबीएसई राज्य स्तरीय मुकाबलों सहित कुल आठ पदक स्केटिंग में अपने नाम किए हैं। इनमें से छह स्वर्ण पदक हैं जबकि दो रजत पदक शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में उनके नाम एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक हैं।
हाल ही में दो दिन पहले संपन्न हुए राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में मायरा ने टीम के लिए अकेले तीन स्वर्ण पदक हासिल किए थे। यह सभी पदक उन्होंने स्पीड इनलाइन में खेलते हुए तीन हजार मीटर रोड रेस, एक लैप रोड रेस और एक हजार मीटर ट्रैक रेस में जीते थे। इसके अलावा, पिछले साल 2024 में संपन्न हुए राज्य स्तरीय स्कूल खेलों में भी मायरा का ऐसा ही दबदबा देखने को मिला था। उन्होंने पिछले साल भी तीन पदक जीते थे, जिसमें दो स्वर्ण और एक रजत पदक शामिल था।
मायरा ने बताया कि उन्हें शुरू से ही खेलों में दिलचस्पी रही है। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान ऐसा नहीं लगता है कि वह मेहनत कर रही हैं। सिर्फ खेल का आनंद लेती हैं। शायद यही कारण है कि नतीजे अच्छे आ रहे हैं। कोशिश रहेगी कि राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में भी अधिक से अधिक स्वर्ण पर कब्जा जमा पाऊं।