जमीनी स्थिति की जानकारी निगम तक पहुंचेगी और समस्याओं के जल्द समाधान पर जोर रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था की निगरानी अब वार्ड स्तर पर मजबूत करने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने सभी 46 वार्डों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ प्रत्येक वार्ड में 15 सदस्यीय कमेटी गठित करने का फैसला लिया है। कमेटियों में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, एनजीओ से जुड़े सदस्य और सेवानिवृत्त लोगों को शामिल किया जाएगा। इनकी मदद से सफाई व्यवस्था की जमीनी स्थिति की जानकारी निगम तक पहुंचेगी और समस्याओं के जल्द समाधान पर जोर रहेगा।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल और नगर निगम सलाहकार इंद्रजीत कुलेरिया ने बृहस्पतिवार को सफाई निरीक्षकों, वेंडर्स और मास्टर ट्रेनर्स के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि संबंधित वार्ड के सफाई निरीक्षक और जेई कमेटी के सदस्यों का चयन करेंगे। कमेटी में सेवानिवृत्त व्यक्तियों, एनजीओ सदस्यों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। 15 सदस्यीय कमेटी के सदस्य अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगे। गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी), खत्ता, सेकेंडरी कूड़ा प्वाइंट और ऐसे अन्य स्थानों की जानकारी नोडल अधिकारी को दी जाएगी, जहां बार-बार कूड़ा जमा होता है। इन स्थानों की सूची तैयार कर नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि दोबारा कूड़ा डाले जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नोडल अधिकारी करेंगे मौके पर निरीक्षण
नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी समय-समय पर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी की जांच करेंगे और मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कूड़ा उठान में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। निगम का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि वार्डों में कूड़ा नियमित रूप से उठे और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कूड़े के ढेर न लगें।
हर वार्ड का तैयार होगा पूरा डेटा
बैठक में प्रत्येक वार्ड के स्लम, रिहायशी और कॉमर्शियल क्षेत्रों का आंकड़ा तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। इस डेटा के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना कूड़ा उठान और सफाई की प्रभावी योजना तैयार की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में कबाड़ लेने वालों की सूची भी तैयार होगी। इससे सूखे कचरे के बेहतर प्रबंधन और कबाड़ को उचित कबाड़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
निगम को मिलेगा जमीनी फीडबैक
नगर निगम सलाहकार इंद्रजीत कुलेरिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित निगरानी के साथ नागरिकों की सहभागिता और अधिकारियों की जवाबदेही जरूरी है। वार्ड कमेटियों के माध्यम से निगम को जमीनी स्तर का फीडबैक मिलेगा और समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। नगर निगम के नियमों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।