64 लाख से अधिक के विकास कार्यों की बल्लभगढ़ को सौगात
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। विधानसभा क्षेत्र में रविवार को 64 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। विधायक मूलचंद शर्मा ने हरि विहार कॉलोनी में 54 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
इसके तहत कॉलोनी की 14 गलियों का आरएमसी सहित विभिन्न विकास कार्यों के तहत निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद विधायक ने वार्ड-3 की राजीव कॉलोनी स्थित प्राइमरी स्कूल में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले दो नए कमरों का शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। हर वार्ड और कॉलोनी में सड़क, पेयजल, सीवर, गलियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।