संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसाइटी में मंगलवार सुबह करीब चार बजे 14 फीट लंबा एक अजगर फेज-1 मार्केट के सामने कुंडली लगाए हुआ दिखाई दिया। अजगर देखकर सोसाइटी में हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अजगर को सुरक्षित तरह से बोरे में डालकर आगरा नहर किनारे छोड़ दिया।
दरअसल, सोसाइटी में रात्रि में ड्यूटी दे रहा सुरक्षाकर्मी काम से फेज-1 मार्केट की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने अजगर को देखा। इसके बाद सुरक्षाकर्मी ने तुरंत अपने अधिकारियों के पास जाकर अजगर के बारे में बताया।
सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना वन्य जीव विभाग को दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने अजगर को बोरे में डालकर सुरक्षित आगरा नहर किनारे छोड़ दिया। सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, अजगर की लंबाई करीब 14 फीट थी। वहीं, वजन 100 किलो से भी अधिक था। सोसाइटी निवासी अंकित त्यागी ने बताया कि अजगर दिखने के बाद सभी लोग दहशत में हैं।