1396 new cases, 13 confirmed in Omicron, one death, 570 also recovered in the last 24 hours
फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण का विस्तार काफी तेजी से हो रहा है। बीते 24 घंटों में जिले में 1396 नए मामले, एक मौत और 13 ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 570 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पूर्व में जिले 32 मामले ओमिक्रॉन पीड़ित मिले थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 45 हो गई है। इसमें से कुछ मामले विदेश यात्रा से संबंधित हैं। वहीं, कुछ बिना किसी हिस्ट्री के संक्रमित मिले हैं। इसमें से ज्यादातर मामले अब स्वस्थ भी हो चुके हैं। पूर्व में उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनकी जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट रविवार को मिली। इन 13 मामलों के संपर्क में कुल 36 लोगों आए। विभागीय जानकारी के अनुसार इन लोगों में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले। ऐसे में उनकी कोरोना जांच नहीं की गई। ओमिक्रॉन पीड़ितों में से चार लोग क्यूब से लौटे हैं। एक व्यक्ति हाल ही में लंदन से लौटा है। वह फिलहाल होम आइसोलेशन में ही उपचार ले रहा है। इसके संपर्क में आए लोगों की पहचान व जांच अभी लंबित है।
एक और कोरोना संक्रमित की मौत
बीते चार दिनों में जिले में कोरोना संक्रमित की मौत का यह दूसरा मामला है। रविवार को 66 वर्षीय व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। संबंधित व्यक्ति को कोरोना संक्रमण के साथ दूसरी गंभीर बीमारियां भी थी। कोविड-19 की गाइडलाइन अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व 13 जनवरी को 59 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की थी। कोरोना संक्रमण से पीड़ित अब तक 719 मरीजों की मौत की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। इसमें से 545 मरीजों को कोरोना के साथ दूसरी गंभीर बीमारी थी।
कोरोना के 9865 सक्रिय मामले
जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 111627 हो गई है। इनमें से 101043 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ रामभगत ने बताया कि अब जिले में 9865 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 189 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, 9676 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। अस्पताल में भर्ती 32 मरीज ऑक्सीजन स्पोर्ट पर हैं। कोरोना के साथ दूसरी गंभीर बीमारियों से पीड़ित 30 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। इनमें से सात मरीज वेंटिलेटर पर उपचाराधीन हैं। जिले में कोरोना मरीजों की रिकवरी दर 90 प्रतिशत बनी हुई है। वहीं, हर सौ में से 37 प्रतिशत मामले कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को 3799 नए सैंपल लिए गए। फिलहाल 3128 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।