-943 छात्र रहे अनुपस्थित, मार्च में परिणाम आने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में शनिवार को हुई नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 1325 छात्रों ने भाग लिया। वहीं 943 छात्र अनुपस्थित रहे। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित इस परीक्षा का परिणाम मार्च 2026 तक घोषित किए जाने की उम्मीद है। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को कक्षा छह में प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा सुबह 11:30 बजे से लेकर 1:30 बजे से आयोजित की गई थी। छात्र अपने अभिभावकों के साथ करीब 10 बजे से ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। कुछ केंद्रों पर 11:30 बजे तक भी छात्रों के आने का सिलसिला जारी रहा। चयन परीक्षा में कुल 100 अंकों के 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। इन प्रश्नों के उत्तर पर कोई निगेटिव मार्किंग नहीं थी। प्रश्न पत्रों को तीन खंडों में विभाजित किया गया था। मानसिक योग्यता से जुड़े 40 प्रश्न 50 अंकों के पूछे गए, जिनमें भिन्न आकृति छांटना, आकृति मिलान, आकृति पूरक, समानता एवं तार्किक विश्लेषण जैसे प्रश्न शामिल थे। अंक गणित से 20 प्रश्न 25 अंकों के पूछे गए, जिनमें संख्या प्रणाली, भिन्न, दशमलव तथा सरल गणितीय अवधारणाओं से जुड़े सवाल शामिल थे।
परीक्षा के लिए जिले में कुल आठ केंद्र बनाए गए थे, जिनमें राजकीय कन्या आदर्श माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बाल माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़, ऊंचागांव, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयालपुर, राजकीय बाल माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर, तिकोना पार्क, कन्या विद्यालय एनआईटी-दो और पांच को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
बता दें कि परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश मिलेगा, जहां उन्हें निशुल्क शिक्षा मिलेगी। परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी उत्साह देखा गया। अभ्यार्थियों ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। वे विद्यालय में पढ़ने के साथ-साथ प्रवेश परीक्षा के लिए अतिरिक्त समय देते थे।
इस वर्ष नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में छात्रों की उपस्थिति कम रही। प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों का परिणाम नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जल्द ही घोषित किया जाएगा। - तेजबीर, जिला समन्वयक