पुरानी पेंशन स्कीम लागू कराने के लिए प्रदर्शन
फरीदाबाद। पुरानी पेंशन स्कीम लागू कराने की मांग कर रहे सर्व कर्मचारी हरियाणा संघ के पदाधिकारी और सदस्यों ने रविवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के आवास पर प्रदर्शन किया। संघ के महासचिव सुभाष लांबा ने मंत्री विपुल गोयल को ज्ञापन सौंप कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की मांग की।
मंत्री के आवास पर इकट्ठा हुए कर्मचारियों की अगुवाई कर रहे सर्व कर्मचारी हरियाणा संघ के सुभाष लांबा ने बताया कि भारत सरकार ने 1 जनवरी 2004 से नई अशंदायी पेंशन स्कीम लागू की है। स्कीम के तहत कर्मचारी के मूल वेतन और महंगाई भत्ते से 10 फीसदी राशि की कटौती कर पेंशन फंड रेगुलेटरी डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) द्वारा अधिकृत बैंकों में ट्रांसफर की जाएगी। पीएफआरडीए कर्मचारियों को अलग से परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर जारी करेगी। रिटायरमेंट पर जमा राशि का 60 फीसदी पेंशनर को नकद दिया जाएगा, इसमें बीस फीसदी रकम कर योग्य होगी। बकाया 40 फीसदी रकम शेयर मार्केट में लगाई जाएगी, शेयर मार्केट के उतार-चढ़ाव के आधार पर कर्मचारी को पेंशन मिलेगी। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम में कर्मचारी के वेतन से कटौती नहीं होती थी, पुरानी स्कीम में पेंशन पाने वाले को अंतिम वेतन के मुताबिक 16.5 माह का वेतन ग्रेच्युटी के रूप में मिलता था जो नई स्कीम में नहीं है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम में जीपीएफ की सुविधा थी जिसे नई पेंशन स्कीम में खत्म कर दिया गया। बताया कि जनवरी 2017 तक 2512 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं लेकिन उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिला है। मंत्री गोयल को ज्ञापन सौंप कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू करवाने की मांग की गई। प्रदर्शन में कर्मचारी नेता धर्मवीर फोगाट, युद्धवीर खत्री, अशोक कुमार, नरेश शास्त्री सहित अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के पदाधिकारी सदस्य मौजूद रहे।