रुपये मांगे तो देनदार ने मारी गोली
- आरोपियों की तलाश मेें जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उधार के एक लाख रुपये वापस मांगने पर दबंगों ने झाजरू निवासी दीपक पर जानलेवा हमला कर दिया। देनदार नरेश उर्फ सत्ते ने चार पांच साथियों के साथ पहले दीपक को पीटा फिर जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली दीपक के पैर में जा धंसी और आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने सेक्टर 55 थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दीपक के मुताबिक, कुछ समय पहले झाड़सेंतली गांव निवासी नरेश उर्फ सत्ते ने उनसे एक लाख रुपये उधार लिए थे। सत्ते ने एक माह में रकम लौटाने का वादा किया था। कई माह बीतने के बावजूद रुपये वापस नहीं मिले। उन्होंने धन लौटाने के लिए सत्ते पर दबाव बनाया तो वह झगड़े पर उतारू हो गया। कुछ लोगों ने बीच में पड़कर दोनों के बीच विवाद सुलझवा दिया। रविवार की शाम नरेश ने दीपक को रुपये के लेेनदेन की बातचीत करने के लिए जाजरू बाईपास ठेके के पास बुलाया था। दीपक के मुताबिक नरेश अपने चार पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा था। बातचीत में दोनों पक्ष में विवाद हो गया नरेश और उसके साथियों ने दीपक को पीट दिया। हमलावरों में से किसी ने गोली चला दी जो दीपक के पैर में लग गई। मामले की जांच कर रहे सेक्टर 55 थाने के एएसआई उमेद सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।