संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित अंक सुधार परीक्षा के तहत मंगलवार को जिले में 12वीं के छात्रों के लिए गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। अधिकांश परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित का पेपर सामान्य स्तर का था और प्रश्न पत्र में पूछे गए सवाल पाठ्यक्रम के भीतर से ही थे। छात्रों ने कहा कि पिछले मुख्य परीक्षा के मुकाबले इस बार का पेपर काफी सुलझा हुआ था, जिससे उन्हें बेहतर अंक प्राप्त करने की पूरी उम्मीद है।
शिक्षा विभाग के अनुसार बोर्ड की ये अंक सुधार परीक्षाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीनियर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षाएं 1 मई तक जारी रहेंगी, जबकि सेकेंडरी (10वीं) की परीक्षाएं 28 अप्रैल को संपन्न करा ली जाएंगी। विभाग की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि न हो। जो छात्र अपने पिछले परिणामों से असंतुष्ट थे, उनके लिए यह परीक्षा अपने स्कोर कार्ड को सुधारने का एक बेहतरीन अवसर साबित हो रही है।