बल्लभगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) फरीदाबाद द्वारा मंगलवार को वृहद पौधरोपण अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों और गांवों में करीब 1200 पौधे लगाए गए। यह अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप गर्ग के मार्गदर्शन तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत बिजोपुर, फतेहपुर टग्गा, लढ़ीपुर, जक्कोपुर, कबूलपुर बांगर, कैल गांव, करनेरा और खंडावली सहित कई स्थानों पर पीपल, नीम, जामुन, अर्जुन, आंवला और पिलखन जैसे पर्यावरण हितैषी एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और अन्य गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया ।