फरीदाबाद। जेसी बोस विश्वविद्यालय (विवि) में मुख्य सड़क, लाइब्रेरी, लैब व कंप्यूटर सेंटर को अपग्रेड करने के लिए जल्द ही विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए विवि 12 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रहा है।
योजना के अनुसार विवि के प्रवेश द्वार को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। विवि में सड़क का दोबारा निर्माण किया जाएगा। लगभग 13 लाख 36 हजार रुपये के खर्च से यह विकास कार्य किए जाएंगे। विवि की एमबीए व मास कम्यूनिकेशन बिल्डिंग और लाइब्रेरी के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ 98 लाख 78 हजार रुपये खर्च करने की योजना है। साथ ही पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम नहर से विवि तक पानी की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस पर 62 लाख 15 हजार रुपये खर्च करने की योजना है।
विवि के कंप्यूटर सेंटर, पीसीआई वर्कशॉप, कम्यूनिकेशन वर्कशॉप, सेंट्रल लैब व स्टाफ केबिन अपडेट करने का काम भी इस दिशा में किया जाएगा। इस पर लगभग 26 लाख 29 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। विवि प्रबंधन ने बिल्डिंग का काम पूरा करने में लगभग डेढ़ साल की समय सीमा तय की है। शेष अन्य विकास कार्यों के लिए तीन माह का समय रखा गया है।
जेसी बोस विवि के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार का कहना है कि मौजूदा सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा विवि के विज्ञान खंड, रिहायशी खंड, विद्यार्थी भोजन कक्ष का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा भी कई काम लंबित हैं, जो तीन माह में पूरे कर लिए जाएंगे।