फरीदाबाद। एनआईटी के तिकोना पार्क स्थित 12 कामर्शियल भवनों के पास फायर एनओसी नहीं है। सभी को नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है। संयुक्त आयुक्त ने एक जांच के मामले में इन 12 साइटों की जांच की थी। इन पर फायर उपकरण नहीं मिले थे। वहीं भवन मालिकों ने एनओसी भी नहीं ली हुई थी। एनआईटी-एक मार्केट में कई बार आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी है।
संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान ने बताया कि तिकोना पार्क स्थित कई भवनों की जांच आई थी। उन्होंने फायर एनओसी को लेकर फायर ब्रिगेड विभाग के साथ भी कई साइटों की जांच की। फायर अधिकारियों को भवनों में जांच के लिए भेजा गया था। जांच के दौरान 12 भवन मालिक ऐसे थे जो फायर एनओसी को लेकर कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। उनके पास आग बुझाने को लेकर किसी तरह के उपकरण भी मौजूद नहीं थे। अब इन 12 भवन मालिकों को नोटिस देने की तैयारी है। वहीं इस संबंध फायर ब्रिगेड के डायरेक्टर को भी पत्र लिख दिया गया है। नोटिस का जवाब नहीं देने पर भवन मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।