पता पूछने के बहाने दो को लूटा
फरीदाबाद। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने बाईपास रोड पर एक युवक से मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल व तीन हजार रुपये लूट लिए। इसी तरीके से मोटरसाइकिल सवार बदमाश ग्रेटर फरीदाबाद में पुरी मॉल के नजदीक कार सवार एक महिला से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छांयसा निवासी सुनील ऑनलाइन साइटों पर खाने का ऑर्डर मिलने पर उन्हें डिलीवर करने का काम करता है। रविवार 9 दिसंबर की रात करीब 11.30 बजे वह बाईपास रोड पर सेक्टर-8 श्मशान घाट के पास से कहीं जा रहा था। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। तीनों ने रुकते ही उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल, तीन हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। सोमवार को पीड़ित ने सेक्टर-सात थाने जाकर घटना की शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज हुआ।
दूसरी घटना में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश ग्रेटर फरीदाबाद में पुरी मॉल के नजदीक कार सवार एक महिला से उनकी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के वक्त महिला सरोजनी अपने पति राजेंद्र प्रसाद के साथ कार में सवार थीं। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित की कार को रुकवा लिया था। इस दौरान मौका मिलते ही दोनों बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।