फ्रेशर्स का स्वागत, बॉलीवुड गानों पर झूमे छात्र
- मानव रचना कैंपस में कल्चरल इवनिंग का आयोजन
- पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने दिया मोटिवेशनल लेक्चर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानव रचना शैक्षणिक संस्थान में फ्रेशर्स के लिए कल्चरल इवनिंग कार्यक्रम ‘तरंग’ का आयोजन किया गया। इस दौरान मानव रचना लाइफ स्किल्स प्रोग्राम में हिस्सा लेने वाले छात्रों ने नाच, गाना, प्ले और फैशन शो कर छात्रों का मनोरंजन किया। बॉलवुड गानों पर छात्र खूब झूमे। कार्यक्रम में करीब 1500 लोगों ने हिस्सा लिया।
तीन हफ्ते के ओरिएंटेशन प्रोग्राम में छात्रों के लिए अलग-अलग एक्टीविटीज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक्टर और मॉडल रिद्म दत्ता, फिल्म बद्री की दुल्हनिया में आलिया भट्ट की बहन का रोल करने वाली एक्ट्रेस सुखमनी लांबा, ब्लॉगर ईशा गाखर, थिएटर के जाने-माने सितारे राज शर्मा और पंकज शर्मा भी शामिल हुए। मानव रचना के लाइफ स्किल्स प्रोग्राम के तहत छात्रों को काफी समय से इस कल्चरल इवनिंग के लिए ट्रेनिंग दी जा रही थी। फैशन शो के दो थीम रखे गए, जिनमें कन्या भ्रूण हत्या को लेकर संदेश दिया गया। दूसरी थीम में भारतीय सेना को भी सेल्यूट किया गया।
ओरिएंटेशन प्रोग्राम के तहत पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने छात्रों को मोटिवेशनल लेक्चर दिया। उन्होंने कहा अगर आप सही राह पर चलेंगे और आपको मंजिल पाने से कोई नहीं रोक सकता। कॉलेज के तीन साल काफी महत्वपूर्ण होते हैं। इन तीन सालों का ब्लूप्रिंट तैयार करें और टाइम मैनेजमेंट करना सीखें। उन्होंने इस दौरान अपनी स्कूल और कॉलेज लाइफ के बारे में भी छात्रों को बताया। मदन लाल ने कहा कि उनके समय में छात्रों के पास ज्यादा अवसर नहीं होते थे, मगर आज छात्रों के पास करियर बनाने के लिए कई अवसर हैं। छ ात्रों को इसका फायदा उठाना चाहिए।
----
ब्यूरो