आरटीई लॉटरी रिजल्ट जारी, चयनित बच्चों को 1 से 11 जुलाई तक पहुंचना होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिला प्रक्रिया के अंतर्गत शुक्रवार को लॉटरी रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस सूची में लगभग 14,136 छात्रों के नाम शामिल हैं। जिसमें फरीदाबाद जिले के 1147 बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा का मौका मिला है। सूची के मुताबिक बच्चों को नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए अलग-अलग स्कूलों में प्राथमिकता, रैंडम नंबर, स्कूल की दूरी और उपलब्ध सीटों के आधार पर स्कूल आवंटित किए गए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों को अपने आवंटित स्कूलों में 1 से 11 जुलाई 2025 तक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना अनिवार्य है। दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही अंतिम दाखिला सुनिश्चित किया जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह परिणाम फिलहाल अस्थायी है और दस्तावेजों की पुष्टि के अधीन है। यदि कोई त्रुटि या फर्जीवाड़ा पाया गया, तो चयन रद्द किया जा सकता है। रिजल्ट विभाग की वेबसाइट http://harprathmik.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-5049801 पर संपर्क किया जा सकता है।