अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-45 के एक युवक से शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1.14 करोड़ रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर पीड़ित को ठगा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने ठगी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। मोबाइल नंबरों के आधार पर टीम कार्रवाई कर रही है।
सेक्टर-45 निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 अप्रैल 2025 को उन्हें व्हाट्सएप पर सिटी ग्रुप स्ट्रांग स्टॉक एकेडमी में जोड़ा गया। 5 मई 2025 को इस ग्रुप में ट्रेडिंग प्लान का मैसेज आया और जॉइन करने को कहा गया। 7 मई को आरोपियों ने आधार कार्ड नंबर मांगा तो एप के जरिये उपलब्ध करा दिया। फिर उन्हें निवेश के रुपये ट्रांसफर करने के लिए एक खाता नंबर दिया। उन्होंने अपने खाते से 1.70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। 28 मई तक आरोपियों के कहे अनुसार वे लगातार निवेश करते रहे।
इसके बाद जब उन्होंने 45 लाख रुपये रिफंड के लिए आवेदन किया तो आरोपियों ने सर्विस फीस देने पर रिफंड मिलने की बात कही। आरोपियों के कहे अनुसार 4 जून को 10 लाख रुपये व एक अन्य खाते में 21,03711 रुपये ट्रांसफर किए।
फिर रिफंड के लिए कहा तो वे टैक्स के तौर पर और रुपये मांगने लगे। 18 जून को भी 15,51855 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने कॉल व मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि कुल 1,14,99,707 रुपये की ठगी की गई। इस दौरान तीन अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप पर उनकी बात हुई। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।