बृहस्पतिवार को आसमान में हल्के बादल दिखे व दोपहर में धूप खिली
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में 6 जुलाई तक बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। 6 जुलाई तक तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं बृहस्पतिवार को आसमान में हल्के बादल दिखे व दोपहर में धूप खिल गई।
फरीदाबाद में मानसून का आगाज होने के साथ विभाग ने इस हफ्ते बारिश का मौसम रहने की संभावना जताई है। वहीं बृहस्पतिवार को तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी तापमान 29 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम को देखते हुए विभाग ने किसानों से कपास, मूंग व बाजरा की फसल की सिंचाई न करने व अधिक पानी निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है। जिन किसानों की धान की नर्सरी को 20 से 25 दिन हो गए हैं वे खेतों में धान की रोपाई कर सकते हैं। वहीं पशु पालकों को पशुओं को दैनिक आहार में 40-50 ग्राम खनिज मिश्रण देना चाहिए।
वहीं लोगों का कहना है कि पिछले तीन हफ्ते से बारिश रुक-रुककर हो रही है। हफ्ते में एक बार अच्छी बारिश हो जाती है लेकिन उसके बाद ठीक से बारिश नहीं होती इसलिए तापमान भी बढ़ा रहता है। हम लोग लगातार बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं।