प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 24 उद्योगों से पानी के नमूने भरे
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में बढ़ते वायु और जल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इंडस्ट्रीज पर अंकुश लगाने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड की ओर से पहले चरण में औद्योगिक इकाईयों से पानी के नमूने इकट्ठा कर जांच के लिए भेजे हैं। दूसरे चरण में वायु प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जाएगा।
शहर में डाइंग, केमिकल, गारमेंट आदि इंडस्ट्रीज में पानी का इस्तेमाल किया जाता है। कई उद्योग इस्तेमाल किए हुए पानी को शोधित किए बिना ही बाहर निकाल देते हैं। यह दूषित पानी नालियों से होते हुए जल चक्र में शामिल हो जाता है। इसमें मिले घातक रसायन सीपेज के साथ भूजल में मिलकर उसे भी दूषित करते हैं। दूषित पानी से कैंसर सहित अन्य खतरनाक बीमारियां होती हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से बल्लभगढ़ क्षेत्र में पिछले दिनों सर्वे शुरू किया गया। बोर्ड की टीमों ने अलग अलग इलाके में करीब तीन सौ उद्योगों की जांच की, और उनमें से 24 उद्योगों के पानी का सैंपल भरा गया है। यह फैक्ट्रियां सेक्टर 24, 25, सरुरपुर और सेक्टर 58 इलाके में चल रही हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में बल्लभगढ़ रीजन के क्षेत्रीय अधिकारी जयभगवान शर्मा ने बताया कि पिछले सप्ताह 24 इंडस्ट्रीज से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट में सैंपल फेल होने पर इंडस्ट्रीज को क्लोजर नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही वायु प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्रियों में भी जांच अभियान शुरू किया जाएगा।