इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के माध्यम से छात्रों को मिलेगा रोजगार मंच
फरीदाबाद। विद्यार्थियों को रोजगार का अवसर प्रदान करते हुए वाईएमसीए विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव-2018 का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि कॉन्क्लेव में 150 से ज्यादा कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
वाईएमसीए के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक एवं अकादमिक क्षेत्र के विशेषज्ञों के लिए एक मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका विषय रोजगार और उभरती हुई प्रौद्योगिकी होगा। कॉन्क्लेव का आयोजन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विभाग द्वारा इंडस्ट्रियल रिलेशंस सेल और एलुमनी एवं कारपोरेट प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस एक दिवसीय सम्मेलन को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय द्वारा औद्योगिक-अकादमिक अंतराल को भरने की दिशा में उचित कदम उठाना है, जिससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमताओं को बढ़ाया जा सके।
विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. लखविंद्र सिंह और सुमन वशिष्ठ ने बताया कि यह सम्मेलन रोजगार प्रदाताओं और शिक्षण संस्थान के बीच संवाद का ऐसा मंच है, जहां औद्योगिक विशेषज्ञ विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों को मौजूदा औद्योगिक मांग के अनुरूप खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा। इसके लिए सभी विद्यार्थियों को अपने अभिनव विचारों को पोस्टर प्रेजेंटेशन और मॉडल्स के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जायेगा।