- निगम की तरफ से लगातार की जा रही है कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने बल्लभगढ़ जोन के लगभग 16 लाख 51 हजार रुपये से ज्यादा के बकाया टैक्स धारकों की 11 यूनिटों को सील किया है। ये सेक्टर 59 क्षेत्र की यूनिट है। निगम की तरफ से प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वालों को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। वहीं टैक्स न जमा करने पर प्रॉपर्टी को सील की किया जा रहा है।
सरकार के दिशा निर्देश अनुसार नगर निगम की तरफ से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वसूली की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में बल्लभगढ़ क्षेत्रीय कर अधिकारी दीपा ने प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी का कार्य कर रहे हैं और नोटिस के बाद भी टैक्स न देने पर यूनिटों को सील कराया जा रहा है। वहीं, अधिकारियों की तरफ से सभी बकाया प्रॉपर्टी टैक्स धारकों से बार-बार अपील भी की जा रही है कि वह समय के अनुसार अपना बकाया टैक्स जमा कराएं अन्यथा उचित कार्रवाई विभाग द्वारा की जाएगी।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम को प्राप्त होने वाला टैक्स शहर के विकास में लगाया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी अपना टैक्स समय पर नगर निगम में जमा कराए और शहर के विकास में भागीदार बनें।