-2023 से 2026 के मामलों में की गई थी जब्ती, आयुक्त ने की नशा बेचने वालों की सूचना देने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाकर 87 मामलों में जब्त 109.808 किलोग्राम गांजा नष्ट कर दिया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में तिगांव रोड स्थित गांव जसाना की गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में मादक पदार्थ को जलाया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार नष्ट किया गया गांजा जिले के विभिन्न थानों में 2023 से 2026 के बीच दर्ज मामलों में जब्त किया गया था। इसके अलावा पुलिस इस वर्ष अब तक अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त 300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो हेल्पलाइन नंबर 9050891508, फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 या स्थानीय थाना पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।