फरीदाबाद। कोरोना को मात देकर स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। जिले का कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 89.1 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को 1928 लोगों के कोरोना से स्वस्थ होने की पुष्टि की, जबकि बीते 24 घंटे में 1091 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। वही, आठ संक्रमितों की मौत हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 93 हजार 27 हो गई है। हालांकि इनमें से 82 हजार 845 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक जिले में 611 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार से नीचे पहुंच गई है। फिलहाल जिले में 9571 मरीज उपचाराधीन हैं। इनमें से 1765 अस्तपाल में भर्ती हैं और 7806 होम आइसोलेशन में हैं। इनमें से 828 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं जबकि 92 को वेंटिलेटर पर उपचार दिया जा रहा है। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट काफी तेजी से बढ़ा है। उपचाराधीन मामलों में भी कमी आई है। प्रति एक लाख की आबादी पर 41 हजार 463 सैंपल लिए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को 9137 नए सैंपल लिए गए। अभी 1625 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।