रेलवे कर्मी ने आईओडब्ल्यू पर लगाया अभद्रता का आरोप
फरीदाबाद। रेलवे कॉलोनी में जर्जर इमारत ठीक कराने की मांग कर रहे अनुसूचित जनजाति के एक कर्मचारी ने कार्य निरीक्षक (आईओडब्ल्यू) पर अभद्रता और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए स्टेशन अधीक्षक से शिकायत की है। स्टेशन अधीक्षक शिकायत की जांच कर रहे हैं।
पीड़ित कर्मचारी के अनुसार पिछले करीब डेढ़ साल से उनके घर में मरम्मत की जरूरत है। रसोई घर की खिड़की के सनशेड से प्लास्टर झड़ता रहता है। आरोप है कि उन्होंने कार्य निरीक्षक से मकान की मरम्मत कराने के लिए कई बार शिकायत की, मगर हर बार अधिकारी ने काम करवाने का आश्वासन दे चलता कर दिया। पीड़ित के मुताबिक 5 अप्रैल को रसोईघर की खिड़की के सनशेड का प्लास्टर झड़कर उसकी पत्नी के सिर पर गिरा। गंभीर रूप से घायल पत्नी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरम्मत कराने की मांग लेकर वह मंगलवार को फिर आईओडब्ल्यू से मिलने पहुंचा। आरोप है कि आईओडब्ल्यू ने उसे जाति सूचक शब्द बोलते हुए जहां चाहे शिकायत कर लेने की धमकी दी। स्टेशन अधीक्षक केसी मीना ने बताया कि शिकायत मिली है जांच के लिए दूसरे पक्ष से भी जवाब मांगा गया है।