नकली सिगरेट बनाने वाली एक फैक्ट्री पकड़ी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी थाना पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने वहां से सिगरेट की कुछ डिब्बियों का सैंपल लेकर उनकी जांच के लिए भेजा है। सिगरेट की डिब्बियों पर कोपटा एक्ट के तहत न तो खतरे के निशान छापे गए हैं और न ही बनाने वाले का नाम और पता छपा है। पुलिस का कहना है कि उनके लेबल की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डबुआ थाना पुलिस को दिल्ली की एक एनजीओ उत्प्रेरित कॉनयुमर फाउंडेशन की तरफ से शिकायत मिली थी कि डबुआ पाली रोड पर एक फैक्ट्री में नकली सिगरेट बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को वहां छापेमारी की। छापेमारी में बड़ी मात्रा में बनी व अधबनी सिगरेट और उसकी डिब्बियां बरामद हुई। बताया जाता है कि इस फैक्ट्री संचालक के पास सिगरेट बनाने का कोई लाइसेंस भी नहीं है। जबकि सिगरेट और तंबाकू उत्पाद के लिए सरकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य है। मगर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। डबुआ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि एनजीओ की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फैक्ट्री मालिक और प्रबंधकों को बुलवाया गया है। उनके आने के बाद ही सारी बात पता चल सकेगी। जांच के बाद जो कानूनी कार्रवाई बनेगी की जाएगी।