सूरजकुंड मेले में पर्यटकों एचआईवी-टीबी के लिए जागरूक किया जाएगा
-
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेले में आने वाले पर्यटकों को स्वास्थ्य विभाग एचआईवी और एड्स के बारे में जानकारी और निशुल्क जांच मुहैया कराएगा। इसके लिए पहले दिन से ही स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल मेले में लगाया जाएगा।
अमूमन विभाग वार्षिक मेले में केवल एचआईवी/एड्स की जानकारी ही लोगों को देता आया है। इस बार टीबी के प्रति भी जागरूकता फैलाई जाएगी। लोगों तक इस अभियान को सार्थक रुप से पहुंचाया जा सके इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पोस्टर बैनर बनवाए हैं।
जिला टीबी विभाग पर्यवेक्षक सुभाष गहलोत ने बताया कि एड्स संक्रमण से बचने के लिए लोगों को यौन संबंधों में सावधानी बरतने की सलाह भी दी जाएगी। सुभाष गहलोत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को बीमारी पुष्टि और इलाज में दी जाने वाली सहायता राशि के बारे में भी जानकारी देगा। जिला टीबी विभाग प्रभारी डॉ. शीला भगत ने बताया कि लोगों को बीमारी इलाज में दिए जाने वाले सरकारी लाभ की जानकारी ही नहीं है। प्रयास किया जाएगा कि आर्थिक फायदे की बात जानकर ज्यादा से ज्यादा लोग इलाज और जांच के लिए प्रेरित हों।