फरीदाबाद के खेड़ीपुल थाना क्षेत्र स्थित एक कालोनी में रहने वाले एक किशोर के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। किशोर ने चाइल्ड लाइन कंटोल रूम में अपने साथ हुई हरकत की जानकारी दी थी।
बाल भवन से चाइल्ड लाइन समन्वयक (कोर्डिनेटर) सुनीता व सदस्य प्रदीप ने किशोर से संपर्क किया और पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सुनीता बैंसला व प्रदीप ने किशोर की काउंसलिंग करने के बाद उसके पुलिस के सामने बयान दर्ज कराए गए। इसमें किशोर ने बताया कि उसके घर के पास वाली गली में रहने वाला गगन नाम का युवक पिछले कई महीने से उनके साथ गंदी हरकतें करता आ रहा है।
बुधवार ग्यारह नवंबर रात करीब 9 बजे वह घर के लिए चीनी लाने जा रहा था। तभी गगन आया और उसे मेहंदी वाली क्रिकेट पिच के पास ले गया और गंदी हरकत करने लगा। गगन ने किशोर को धमकाया कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो उसे जान से मार देगा। इसके बाद किशोर ने हिम्मत करके आप बीती घर में बता दी।
किशोर व परिजनों ने चाइल्डलाइन हेल्प डेस्क नंबर पर फोन किया और सहायता मांगी। थाना खेड़ीपुल पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।