फरीदाबाद और पलवल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने इस सेक्शन में एक और ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेन मथुरा और कुरुक्षेत्र दो धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी। इसका स्टापेज पलवल और फरीदाबाद दोनों स्टेशनों पर दिया गया है।
सप्ताह में पांच दिन चलने वाली इस ट्रेन को आज रेलमंत्री सुरेश प्रभु और मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस बात की जानकारी उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि 12 कोच वाली 11901/11902 मथुरा कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस को आज हरी झंडी दिखाकर कुरुक्षेत्र से मथुरा के लिए रवाना किया जाएगा। दोपहर 2:55 बजे ट्रेन रवाना होगी और रात 9:40 बजे मथुरा स्टेशन पहुंचेगी।
इसका फरीदाबाद पहुंचने का समय शाम 7.10 बजे है। वापसी में अगले दिन ये ट्रेन मथुरा से सुबह 5:30 बजे कुरुक्षेत्र के लिए रवाना होगी। सुबह 7:07 बजे पलवल और 7:38 बजे फरीदाबाद पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी दीनदयालु कोच लगाए जाएंगे। शर्मा ने बताया कि इस एक्सप्रेस ट्रेन को निजामुद्दीन, कोसीकलां और छाता स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है।