लंबी प्रतिक्षा के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को नगर निगम चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। 8 जनवरी को निगम के 40 वार्डों में पार्षदों का चुनाव होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोग द्वारा चुनाव की घोषणा के साथ जिले में आचार संहिता लागू हो गई है।
जिले में आचार संहिता लागू होने के कारण अब चुनाव तक किसी नए काम की शुरूआत नहीं हो पाएगी। निगम चुनाव पिछले डेढ़ साल से लंबित था। सरकार ने निगमायुक्त को ही प्रशासक बना रखा था।
राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. दिलीप सिंह द्वारा जारी सूचना के मुताबिक 21 से 27 दिसंबर तक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 28 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 29 दिसंबर को नाम वापस लिए जाएंगे।
उसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाएंगे। 8 जनवरी की सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक वोट डाले जाएंगे। उसी दिन चुनाव परिणाम की घोषणा भी की जाएगी।
खास बातें:
40 वार्डों में होंगे चुनाव
21 से 27 दिसंबर तक होंगे नामांकन
29 दिसंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे, इसी दिन होगा चुनाव चिह्न का वितरण
8 जनवरी को सुबह 8 से 5 बजे तक होगा मतदान
8 जनवरी को ही होगी परिणामों की घोषणा