बारिश ने एक बार फिर आफत बढ़ा दी। नेशनल हाईवे और बाईपास पर जलभराव व जर्जर सड़क जाम का सबब बन गई। दिनभर हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। बडख़ल चौक पर हालात बेकाबू हो गए।
चौक पर ट्रैफिक की रफ्तार थमने से करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दस से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए।
जाम से बचने के लिए वाहन चालकों ने ओल्ड और एनएचपीसी अंडरपास का रुख किया, लेकिन अंडरपास में चार से पांच फीट जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बाईपास पर भी जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे पर जाम देख लोगों ने बाईपास का रुख किया, लेकिन वहां जाकर भी फंस गए। बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर 37 कट से बाईपास होकर बल्लभगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को लंबे जाम में फंसना पड़ा।
बल्लभगढ़ से आने वाली सड़क पर सेक्टर 28 व 30 के पास घुटनों तक जलभराव होने से लंबा जाम था। वाहन चालक गलत दिशा का प्रयोग कर दिल्ली की तरफ रवाना हुए। जाम का असर बल्लभगढ़ में भी दिखा। सोहना पुल से झाड़सैतली तक वाहन रेंगते दिखाई दिए।