दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही, जबकि गाजियाबाद सबसे प्रदूषित रहा। हवा की चाल तेज होने से एनसीआर के सभी शहरों के प्रदूषण में कमी आई है। गाजियाबाद और नोएडा को छोड़कर बाकी शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब स्तर पर आ गया।
इन दोनों शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर रही। सीपीसीबी का मानना है कि रविवार को भी एनसीआर में हालात ऐसे ही रहेंगे। सफर के मुताबिक, शनिवार को हवा की दिशा उत्तरी हो गई है, जबकि अगले तीन दिन तक यह उत्तर पश्चिमी रहेगी।
बीते 24 घंटे में पंजाब व हरियाणा में पराली जलाने के कम मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इससे पराली के धुएं का हिस्सा दिल्ली के प्रदूषण में बढ़ने के बाद भी ज्यादा प्रभावी नहीं होगा। शनिवार के 8 फीसदी की तुलना में रविवार को इसके 12 फीसदी होने का अनुमान है। वहीं सतह पर चलने वाली हवा की चाल तेज रहेगी। इससे हवा की गुणवत्ता में बड़े पैमाने पर फेरबदल नहीं होगा।
उधर, शनिवार को दिल्ली-एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर गाजियाबाद रहा। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 अंक पर बेहद खराब स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। उधर, खराब स्तर पर होने के बाद भी फरीदाबाद की हवा सबसे स्वच्छ रही। यहां एक्यूआई 270 अंक रिकार्ड किया गया।
यह रहा एक्यूआई
फरीदाबाद 270
ग्रेटर नोएडा 278
दिल्ली 283
गुरुग्राम 290
नोएडा 302
गाजियाबाद 307