हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की लगभग 800 वर्ष पुरानी दिल्ली घराने की विरासत जब मंच पर उतरी, तो श्रोताओं के लिए वह शाम यादगार बन गई। मेलोडी म्यूज की तरफ से इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय संगीत समारोह ‘श्रद्धांजलि’ का समापन दिल्ली घराने के प्रसिद्ध गायक फरीद हसन खान की प्रस्तुति के साथ हुआ। अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ में अपनी आवाज दे चुके फरीद जी ने शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उस्ताद जफर अहमद खान की स्मृति को समर्पित इस समारोह के अंतिम दिन डॉ. संध्या गुप्ता ने शास्त्रीय गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रो. मल्लिका बनर्जी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। फरीद हसन खान और अरीज अजहर शाकिल ने युगल गायन प्रस्तुत किया। तबले पर शहबाज शहीद की संगत ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बना दिया।
इससे पहले समारोह के पहले दिन आबाद अहमद, मनाल अहमद, प्रो. रजिव वर्मा, उस्ताद तनवीर अहमद और इमरान खान ने गायन और वादन की प्रस्तुतियां दी थीं। दो दिवसीय इस समारोह का उद्देश्य उस्ताद जफर अहमद खान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ दिल्ली घराने की समृद्ध शास्त्रीय संगीत परंपरा को संरक्षित और नई पीढ़ी तक पहुंचाना था। संगीत प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति और कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।