बल्लभगढ़ के एक गांव की दो सगी नाबालिग बहनों की घरवालों ने शादी की बात चलाई, तो वह घर से ही भाग आईं। यह वही बहनें हैं जिनकी विगत अप्रैल माह में मथुरा में हो रही शादी को एक शिकायत के बाद पुलिस ने रुकवा दिया था। इसके बाद से ही दोनों बहनों को मथुरा में ही उनके मामा के घर बंधक बनाकर रखा गया था। अब दोबारा शादी की बात चली तो दोनों बहनें भागकर फरीदाबाद महिला थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाई। दोनों बहनों को फिलहाल शेल्टर होम पहुंचा दिया गया है। दोनों अभी पढ़ना चाहती हैं।
यहां सेक्टर-16 स्थित महिला थाने में संरक्षण एवं बाल विवाह प्रतिरक्षण अधिकारी हेमा कौशिक को नाबालिग बहनों ने बताया कि मामा के घर उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जाता था। उन पर 24 घंटे नजर रखी जाती थी। पिछले कुछ दिनों से फिर से उन्हें कुछ लड़के वाले देखने आने लगे थे। इसी के चलते बुधवार रात को हिम्मत कर वह दोनों मामा के घर से भाग निकली और फरीदाबाद पहुंची।
किशोरियों ने बताया कि उनके पास संरक्षण एवं बाल विवाह प्रतिरक्षण अधिकारी हेमा कौशिक का फोन नंबर था। ओल्ड चौक पर उन्होंने एक दुकानदार से फोन लेकर उन्हें फोन लगाया। हेमा कौशिक ने दोनों को महिला थाने पहुंचने के लिए कहा। दोनों रास्ता पूछते-पूछते करीब 6.30 बजे महिला थाने पहुंची। दोनों घर से नंगे पैर ही भाग आई थीं। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि थाने में मौजूद संतरी गार्द में तैनात सिपाही राजकुमार और संजय ने दोनों को बिठाया।
ट्रक चालक की मदद ले पहुंचीं फरीदाबाद
ट्रक चालक की मदद ले पहुंचीं फरीदाबाद
किशोरियों ने बताया कि बुधवार आधी रात के बाद दोनों चुपचाप घर का दरवाजा खोलकर निकल गईं। गांव से सड़क पर पहुंच कर वहां खड़े एक ट्रैक्टर चालक से उन्होंने मदद मांगी। काफी मान मनोव्वल के बाद ट्रैक्टर चालक ने दोनों को थोड़ा आगे छोड़ा। इसके बाद दोनों ने वहीं एक ढाबे पर खड़े ट्रक चालकों से फरीदाबाद छोड़ने की गुहार लगाई। किशोरियों ने समझदारी दिखाते हुए एक ऐसे ट्रक चालक से मदद मांगी, जिसमें कुछ महिलाएं बैठी थीं। ट्रक चालक ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 6 बजे दोनों को ओल्ड फरीदाबाद चौक पर उतारा।
पढ़ने में होशियार हैं दोनों बहनें
संरक्षण अधिकारी हेमा कौशिक ने बताया कि दोनों किशोरियां पढ़ाई में काफी होशियार हैं। 17 साल 6 माह की बड़ी लड़की ने पिछले साल 12 कक्षा 72 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी, जबकि 16 वर्षीय उसकी छोटी बहन ने इस साल 71 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं उत्तीर्ण की है। बड़ी लड़की ने तो बीए प्रथम वर्ष में दाखिला ले रखा था, मगर पेपर नहीं दे पाई। दोनों किशोरियां अभी आगे पढ़ना चाहती हैं, इसलिए शादी को तैयार नहीं हैं और घर से भाग आई।
बाल विवाह की यहां करें शिकायत
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि आज भी कई हिस्सों में नाबालिग लड़कियों का बाल विवाह करवाया जाता है। अगर किसी को बाल विवाह की जानकारी मिले तो वह पुलिस कंट्रोल रूम में 100 या फिर 9999150000 पर, महिला हेल्पलाइन 1091 अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर शिकायत कर सकता है।