संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव गौड़ोता में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची महिला के सिर पर दरांती से वार किया गया। पीड़ित की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गौड़ोता निवासी लेखन ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर वह अपनी मां अनोखी और नाबालिग बेटे नवतण के साथ नोहरे की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही पप्पू, महेश और सुमित ने पुरानी रंजिश के चलते उनसे मारपीट की। जान बचाने के लिए परिवार नोहरे में भाग गया, लेकिन आरोप है कि तीनों आरोपी अपने अन्य साथियों विकास, रामश्री और राहुल के साथ हथियार लेकर नोहरे में भी घुस आए।
शिकायत के अनुसार, सुमित के हाथ में कट्टे जैसा हथियार था, जबकि विकास उसे गोली चलाने के लिए उकसा रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं अनोखी के सिर पर रामश्री ने दरांती से वार कर दिया,।वहीं महेश ने नाबालिग नवतण के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। होडल थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है ।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।