नूंह।
जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव दौरखी में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर मारपीट के साथ लूटपाट का भी आरोप लगाया है। गांव दौरखी निवासी यूनुस ने बताया कि उनका गांव से बाहर अकेला मकान है और वह बकरी पालन का कार्य करते हैं। रविवार देर रात वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। आरोप है कि करीब 12 बजे गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों, फरसों और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान 60 वर्षीय यूनुस का एक पैर टूट गया, जबकि उनके 23 वर्षीय बेटे जुबेर का भी पैर फ्रैक्चर हो गया। उनकी बेटी सायवना का हाथ टूट गया तथा दोनों पैरों में भी चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। यूनुस ने आरोप लगाया कि हमलावर उनकी बेटी के गले से सोने की हंसली, पशुओं की बिक्री से प्राप्त करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि आरोपी पहले भी कई बार उनके परिवार पर हमला कर चुके हैं और दबंग प्रवृत्ति के हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाषचंद ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आईओ की पीड़ित पक्ष से फोन पर बात हुई है, जैसे ही शिकायत मिल जाएगी, आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।