- कंझावला में चल रहा था अवैध धंधा, हजारों नकली ट्यूब व मशीनरी बरामद प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम पर बेचा जा रहा था नकली उत्पाद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ कर उसके मालिक हरि ओम मिश्रा को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हजारों नकली टूथपेस्ट ट्यूब, कच्चा माल और बड़े पैमाने पर उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार, इंस्पेक्टर आशीष शर्मा, एसआई प्रकाश, रणजीत सिंह और गुमान सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर महावीर विहार स्थित गोदाम पर छापा मारा। यहां भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री, ब्रांडेड टेप, गोंद और हीटिंग गन बरामद किए गए। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान छह मजदूर मौके पर नकली पेस्ट को सेंसोडाइन जैसी प्रतिष्ठित कंपनी की ट्यूब में भरते हुए मिले। मजदूरों ने बताया कि यह अवैध इकाई रोहिणी निवासी हरि ओम मिश्रा द्वारा संचालित की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने ओम विहार एक्सटेंशन, उत्तम नगर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्टन में पैक कर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेचता था-
जांच में सामने आया कि आरोपी अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार पेस्ट को ब्रांडेड ट्यूब में भरकर सील करता था और कार्टन में पैक कर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेचता था। इस अवैध कारोबार से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौके से पकड़े गए मजदूरों की पहचान बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासियों के रूप में हुई है, जो ट्यूब भरने और सीलिंग का काम कर रहे थे।
ये पकड़े गए-
इस दौरान 6 मजदूर भरने और सील करने के काम में करते हुए पाए गए उनकी पहचान गया, बिहार निवासी रवि कुमार (30), जितेंद्र यादव (38), अभिषेक कुमार (22), कोलेंडर यादव (35), जिला बुलंदशहर, यूपी निवासी सुमित कुमार पुत्र सतपाल (22) और हरदोई, यूपी निवासी रोहित पुत्र राम मुरारी के रूप में हुृई। मजदूरों ने बताया कि यह गोदाम सेक्टर 2, रोहिणी, दिल्ली निवासी हरि ओम मिश्रा पुत्र कमला प्रसाद मिश्रा का है और वह एक ट्यूब भरने और सील करने वाली मशीन का इस्तेमाल करके नकली सेंसोडाई टूथपेस्ट को ट्यूबों में भर रहे थे।