फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में मंगलवार से शुरू हुए स्पैट के फाइनल राउंड में पहले ही दिन गड़बड़ी देखने को मिली।
यह गड़बड़ी खेल विभाग द्वारा नहीं, बल्कि स्पैट में शिरकत करने वाले अभ्यर्थियों द्वारा की जा रही थी। स्पैट में पहले दिन 416 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिले में आयोजित होने वाले स्पैट के फाइनल राउंड में गुड़गांव, पलवल और मेवात के अभ्यर्थी भी भाग ले रहे हैं।
इस बार खेल विभाग की तरफ से नियम लागू किया गया है कि जो भी विद्यार्थी स्पैट में भाग लेगा, उसको आईडी प्रूफ के तौर पर स्कूल के प्रिंसिपल से लिखवाकर और उस पर हस्ताक्षर करवाकर लाना होगा।
ऐसे में कई अभ्यर्थी अपने आईडी प्रूफ पर खुद ही प्रिंसिपल का हस्ताक्षर करके स्पैट में भाग लेने के लिए आ गए। खेल विभाग ने जब अभ्यर्थियों से प्रिंसिपलों के फोन नंबर मांगे, तो उन्होंने प्रमाण पत्र पर खुद हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार कर ली। ऐसे लगभग 20 अभ्यर्थी थे। ऐसे लोगों को स्पैट से वंचित कर दिया गया।
खेल विभाग के अनुसार, फर्जी हस्ताक्षर करने वाले अधिक विद्यार्थी मेवात से संबंध रखते हैं। पहले दिन स्पैट में भाग लेने तय मानक से अधिक उम्र के अभ्यर्थी भी पहुंचे। इनकी संख्या भी दस से अधिक थी। जिला खेल अधिकारी सत्यप्रकाश राणा ने बताया कि फर्जी तरीके से हस्ताक्षर करने वाले अभ्यर्थियों को स्पैट में भाग लेने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारी समेत कोच भी निगरानी रख रहे हैं।