नई दिल्ली के बाहरी नॉर्थ जिला की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने बवाना इलाके में चल रही नकली घी बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी डालडा, रिफाइंड तेल, वनस्पति तेल और रंग मिलाकर नकली देशी घी तैयार करते थे। तैयार सामान को पैक करने के बाद उस पर नामी कंपनी का स्टीकर लगाकर उसे बाजार में बेच देते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि सेक्टर एक बवाना में नकली घी बनाने की फैक्टरी चलने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता करने के बाद फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट को इसकी जानकारी दी और संयुक्त टीम बनाकर फैक्टरी पर छापा मारा।
पुलिस ने फैक्टरी से कुल 284 कार्टन तैयार नकली घी बरामद किया है। वहीं, पुलिस ने मौके से सात टिन देशी घी, 212 टिन रिफाइंड तेल, 149 टिन डालडा वनस्पति, रंग, तीन गैस स्टोव, 5 गैस सिलिंडर, एक सीलिंग मशीन, एक स्टांपिंग मशीन, इलेक्ट्रोनिक माप तौल मशीन, सिल्वर पाउच पैकिंग मशीन, छह सौ खाली टिन, स्टीकर, रैपर, टेटरा पैक और 25 सौ खाली प्लास्टिक जार बरामद किए।
इसके अलावा पुलिस ने एक टेंपो भी जब्त किया है। पुलिस ने फैक्टरी चलाने वाले मालिक रानी बाग निवासी संदीप के अलावा फैक्टरी में नकली घी तैयार करने वाले अक्षय, रोहित, रतन और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनके खिलाफ नकली घी तैयार कर अधिक मुनाफा कमाने के लिए लोगों से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।