क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को डासना में रेलवे स्टेशन रोड पर एक ऐसी सीमेंट फैक्ट्री का खुलासा किया है, जिसमें राख मिलाकर सीमेंट तैयार किया जा रहा था।
चार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फैक्ट्री मालिक भाग गए। फैक्ट्री से सीमेंट बनाने वाली कई नामी कंपनियों के खाली और भरे बोरे और राख बरामद की गई है। मिलावटी सीमेंट की सप्लाई दिल्ली और एनसीआर में की जा रही थी।
क्राइम ब्रांच प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि यामीन और रईस निवासी भोजपुर, इरफान और इस्माइल निवासी अमरोहा को गिरफ्तार किया गया है। बम्हैटा के विनोद और नीरज भाग गए। उनकी तलाश जारी है।
एक सूचना केआधार पर यह कार्रवाई की गई। फैक्ट्री से अंबुजा, बिरला, आहुजा और उत्तम के नाम से 560 बोरी मिलावटी सीमेंट, 20 किलो से ज्यादा राख, रॉ मैटेरियल और छानने का सामान मिला है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि यामीन जानलेवा हमले का आरोपी है, पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। करीब दो साल से चल रही थी फैक्ट्री।
ऐसे करते थे तैयार
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सीमेंट और राख मिलाकर तैयार मिलावटी सीमेंट को नामी कंपनियों के बोरों में बंदकर सप्लाई करते थे। असली सीमेंट की कीमत में बेचते थे।